ट्राइडेंट ग्रुप ने बुधनी के पातालखोह के सरकारी हाई स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शुरू की नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा


बुधनी, मध्य प्रदेश : कम्युनिटी डेवलपमेंट और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्राइडेंट ग्रुप ने ट्राइडेंट ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के माध्यम से सरकारी हाईस्कूल, पातालखोह के विद्यार्थियों के लिए मुफ़्त ट्रांसपोर्ट देने के लिए एक ई-रिक्शा सर्विस शुरू की है। यह पहल फाउंडेशन के विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत ग्रामीण विकास और शिक्षा प्रोत्साहन के उद्देश्य से शुरू की गई है, जो गांव के बदलाव के ज़रिए ग्रामीण विकास और शिक्षा को बढ़ावा देने पर फोकस करता है। ।  



इस सेवा का लाभ कक्षा 1 से 10 तक पढ़ने वाले 122 विद्यार्थियों को मिलेगा। ई-रिक्शा के माध्यम से ग्वार्डिया, पातालखोह और महुकला गांव तथा आसपास की कॉलोनियों से पातालखोह स्थित सरकारी हाईस्कूल आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल तक नि:शुल्क पिक-अप और ड्रॉप सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


फाउंडेशन की ओर से किए गए सर्वेक्षण में सामने आया कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के लिए काफी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी, जिसके कारण विद्यार्थियों की स्कूल में नियमित उपस्थिति प्रभावित होने की आशंका रहती थी।


विद्यार्थियों की इस समस्या को दूर करने के लिए ट्राइडेंट ग्रुप ने समर्पित ई-रिक्शा सेवा शुरू की है। ई-रिक्शा का संचालन स्कूल के समय के अनुरूप किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सके और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।


ट्राइडेंट ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के अनुसार, यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के रास्ते में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फाउंडेशन के विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम के माध्यम से ग्रामीण विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने, समुदायों को सशक्त बनाने तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।

टिप्पणियाँ