पीआरटीसी बस ड्राइवर पर नशे में बस चलाने का आरोप, यात्रियों ने रुकवाई बस
राजपुरा - पटियाला के राजपुरा के पास पीआरटीसी की एक बस को लेकर सामने आया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सवारियां बस ड्राइवर पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि पीआरटीसी की यह बस अंबाला से पटियाला की तरफ जा रही थी। राजपुरा के नजदीक बस में सवार यात्रियों को ड्राइवर की हालत सामान्य नहीं लगी। यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी और इस हालत में सवारियों से भरी बस चलाना बेहद खतरनाक था।
मामला बिगड़ता देख यात्रियों ने बस को सड़क किनारे रुकवा दिया। इसके बाद ड्राइवर भी बस से नीचे उतर गया। वहीं, ड्राइवर की तरफ से कथित तौर पर सफाई दी गई कि उसने शराब नहीं पी थी, बल्कि वह सोया नहीं था और नींद की हालत में था।
बस रुकने के बाद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सवारियों को दूसरी बसों के जरिए अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस घटना ने पीआरटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और ड्राइवरों की फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Comments
Post a Comment