200 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक, हादसे में चालक गंभीर घायल, स्थानीय लोगों ने खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया
भोटा (हमीरपुर)। एनएच-103 ऊना-अग्घार हाईवे पर भोटा बाईपास के समीप मोरसू पुल पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ऊना की तरफ से आ रहा था। मोरसू पुल के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग से जोरदार टक्कर के बाद खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य राजेश कुमार सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे घायल चालक को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायल चालक को एंबुलेंस के माध्यम से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें