भूपेंद्र हुड्डा का नायब सैनी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- हरियाणा बर्बादी की ओर!

 भिवानी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की नायब सैनी सरकार पर जमकर निशाना साधा। हुड्डा ने सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, बढ़ते कर्ज, किसानों की स्थिति और युवाओं के रोजगार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 12 साल के विकास के दावे पर हुड्डा ने सीधी चुनौती देते हुए कहा—“भिवानी में 12 साल में एक काम बता दें।”



भिवानी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक और आर्थिक हालात पर तीखा हमला बोला।

हुड्डा ने कहा कि जिस हरियाणा को कांग्रेस सरकार के दौरान प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश में नंबर वन बताया जाता था, आज उसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है। उन्होंने प्रदेश की वित्तीय स्थिति और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

हुड्डा ने दावा किया कि प्रदेश पर करीब साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है और सरकार कर्ज की किस्त तथा ब्याज चुकाने के लिए भी कर्ज लेने की स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अपनी पुरानी स्थिति से लगातार फिसल रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा कांग्रेस सरकार के 10 साल के मुकाबले बीजेपी सरकार के 12 साल में 10 से 12 गुना विकास और किसानों को अधिक मुआवजा दिए जाने के दावे पर भी हुड्डा ने पलटवार किया।

हुड्डा ने कहा—“आप भिवानी में हो, 12 साल में एक काम बता दें यहां का। आपकी छुट्टी है। क्या हुआ तो बता दें, मैं कह दूंगा हां, बहुत बढ़िया काम करा।”

किसानों के मुद्दे पर हुड्डा ने सरकार के पुराने वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात कही गई थी, लेकिन उनकी लागत कितनी गुना बढ़ गई, इस पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।

वहीं, कानून व्यवस्था को लेकर भी हुड्डा ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

विधानसभा में धक्का-मुक्की और प्रोटोकॉल के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि उन्हें विधानसभा के प्रोटोकॉल की जानकारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि उन्हें विधानसभा में रोकने का आदेश आखिर किसके आदेश पर दिया गया।

हुड्डा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से भी पूछा था कि उन्हें रोकने का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।

इनेलो नेता अभय चौटाला को नोटिस भेजने के सवाल पर हुड्डा ने साफ कहा कि नोटिस पहले ही भेजा जा चुका है और जरूरत पड़ी तो दोबारा भी भेज देंगे।

वहीं, सफाई कर्मचारियों समेत प्रदेश के कर्मचारियों के मुद्दे पर हुड्डा ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने की नीति पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही।

हुड्डा ने कांग्रेस सरकार की 2014 की नीति का हवाला देते हुए कहा कि तीन साल की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमित किया जाता था। उन्होंने सरकार से उसी नीति को लागू करने की मांग की।

HKRN को लेकर भी हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित भर्ती करने की बजाय युवाओं को अस्थायी रोजगार दिया जा रहा है। हुड्डा ने सरकार से कर्मचारियों को नियमित करने और युवाओं के लिए नियमित भर्ती शुरू करने की मांग की।

नौकरियों में कथित अनियमितताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर हुड्डा ने HPSC से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आए हैं।

इस दौरान हुड्डा ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, किसान, कर्मचारी, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा और दावा किया कि हरियाणा अपनी पुरानी विकास की स्थिति से पीछे चला गया है।

कार्यक्रम के दौरान हुड्डा ने श्रीमती रामदेवी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की और उनके परिवार की तरक्की की कामना की।

Comments