भाजपा ने पूर्व सैनिक और खेल प्रकोष्ठ में की नई नियुक्तियां, प्रदेश सह-संयोजकों एवं जिला संयोजकों को सौंपी जिम्मेदारी

शिमला, 6 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ और खेल प्रकोष्ठ में प्रदेश सह-संयोजकों एवं जिला संयोजकों की नियुक्तियां की हैं। दोनों प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों ने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के उपरांत नई टीम की घोषणा की है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल ने प्रदेश सह-संयोजक के रूप में नायक विनोद कुमार, ऑनरेरी कैप्टन जितेन्द्र कुमार, सूबेदार मेजर संत राम तोमर, नायक हीरा लाल ठाकुर, नायब सूबेदार मनीष कुमार और कैप्टन एम.आर. ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी है।


पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में जिला स्तर पर हमीरपुर में कैप्टन मदन बरयाल, पालमपुर में कैप्टन श्याम लाल, मंडी में सूबेदार नरेंद्र कुमार, देहरा में मनोज राणा (एमसीपीओ-I) और शिमला में हवलदार पवन कुमार चौहान को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।


प्रदेश संयोजक अभिषेक पटियाल ने कहा कि पूर्व सैनिक समाज ने राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में अतुलनीय योगदान दिया है। प्रकोष्ठ की नई टीम पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिक परिवारों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ पूर्व सैनिकों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से संगठन के समक्ष रखने का कार्य करेगी।


इसी प्रकार भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुलदीप सिंह राणा ने प्रदेश सह-संयोजक के रूप में तेज प्रताप चोपड़ा, कुलदीप राणा, ईश्वर रोहाल और शीला कौशल को नियुक्त किया है।


खेल प्रकोष्ठ में जिला संयोजकों के रूप में कुल्लू में खेमराज ठाकुर, महासू में अंकित वर्मा, हमीरपुर में जयदीप शर्मा, पालमपुर में नवीन कटोच, मंडी में सुनील कुमार, कांगड़ा में विजय रामशरण भंडारी, ऊना में अरुण ठाकुर, किन्नौर में ज्ञान विद्या, चंबा में सुरेन्द्र ठाकुर और सुंदरनगर में अशोक कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


प्रदेश संयोजक कुलदीप सिंह राणा ने कहा कि खेल प्रकोष्ठ प्रदेश के खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रतिभाओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित करेगा। हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और प्रकोष्ठ का प्रयास रहेगा कि खेल एवं खिलाड़ियों से जुड़े विषयों को संगठनात्मक मंच पर मजबूती से उठाने के साथ अधिक से अधिक युवाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाए।


अभिषेक पटियाल और कुलदीप सिंह राणा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे तथा भाजपा संगठन को प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Comments