मोदी सरकार का आकांक्षी जिला चंबा को बड़ा तोहफा, हर्ष महाजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का जताया आभार

चंबा, 10 सितंबर 2026। राज्यसभा सांसद  हर्ष महाजन ने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा के दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। उनकी अनुशंसा पर चंबा जिले के 25 चयनित सरकारी सेकेंडरी एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अत्याधुनिक स्मार्ट कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना पर लगभग ₹2.50 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी।

सांसद महाजन ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। परियोजना के माध्यम से चयनित विद्यालयों में स्मार्ट कंप्यूटर क्लासरूम और आधुनिक डिजिटल शिक्षा सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चंबा एक आकांक्षी जिला होने के साथ-साथ भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र भी है। यहां अनेक बच्चे दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं को गांव और पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू होने वाली यह परियोजना सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।


हर्ष महाजन ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का जताया आभार


राज्यसभा सांसद श्री हर्ष महाजन ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके अनुरोध पर चंबा के विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए उपलब्ध कराई जा रही ₹2.50 करोड़ की राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि चंबा के बच्चों के भविष्य में किया जा रहा महत्वपूर्ण निवेश है।


श्री महाजन ने कहा, “चंबा के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारा प्रयास है कि पहाड़ के किसी दूरदराज क्षेत्र में पढ़ने वाला बच्चा भी डिजिटल शिक्षा और तकनीक के मामले में देश के किसी अन्य बच्चे से पीछे न रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी जी के सहयोग से इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।”


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शिक्षा में तकनीक के समावेश और डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया है। डिजिटल सुविधाएं आज केवल शिक्षा का अतिरिक्त माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य की आवश्यकता बन चुकी हैं। कंप्यूटर और ई-लर्निंग तक पहुंच से चंबा के विद्यार्थी आधुनिक ज्ञान, नई तकनीकों और भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।


पांच ब्लॉकों के 25 विद्यालय होंगे लाभान्वित


श्री महाजन ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत चंबा जिले के पांच क्षेत्रों में विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें चंबा के 6, चुराह के 6, भरमौर के 5, डलहौजी के 4 तथा भटियात के 4 सरकारी विद्यालय शामिल हैं।


प्रत्येक स्मार्ट कंप्यूटर लैब में आधुनिक कंप्यूटर, आवश्यक फर्नीचर और ई-लर्निंग से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा के साथ डिजिटल तकनीक और आधुनिक शिक्षण संसाधनों तक बेहतर पहुंच प्राप्त होगी।


श्री महाजन ने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है। यदि बच्चों को सही समय पर आधुनिक संसाधन और उचित मंच मिले तो चंबा की प्रतिभाएं भी प्रदेश और देश स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकती हैं।


इन 25 सरकारी विद्यालयों में स्थापित होंगी स्मार्ट कंप्यूटर लैब


चंबा — 6 विद्यालय:

GSSS करियां, GSSS चनेड़, GSSS सिल्लाघ्राट, GSSS खज्जियार, GSSS कोहलारी और GSSS कोलका।


चुराह — 6 विद्यालय:

GSSS बैरागढ़, GSSS बोंदेरी, GSSS चांजू, GSSS जस्सौरगढ़, GSSS थल्ली और GSSS राजनगर।


भरमौर — 5 विद्यालय:

GSSS मेहला, GSSS गुवां, GSSS होली, GSSS सुनारा और GSSS लयल्ह।


डलहौजी — 4 विद्यालय:

GSSS ग्रांगर, GSSS मंज़ीर, GSSS सुंडला और GSSS हिमगिरी।


भटियात — 4 विद्यालय:

GSSS तुंडी, GSSS होबार, GSSS सामोटे और GSSS रायपुर।


श्री महाजन ने कहा कि इन स्मार्ट कंप्यूटर लैब के स्थापित होने से हजारों विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का लाभ उनके अपने विद्यालय में मिल सकेगा। इससे विशेषकर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों के लिए डिजिटल शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे और उन्हें बदलती तकनीक एवं भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया के अनुरूप तैयार होने का अवसर मिलेगा।


उन्होंने कहा कि “चंबा के बच्चों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक तकनीक और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करवाना हमारा संकल्प है। केंद्र सरकार के सहयोग से चंबा के विकास और यहां की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।”


श्री हर्ष महाजन

सांसद, राज्य सभा

हिमाचल प्रदेश

Comments