हिमाचल में 11 सितंबर तक कमजोर रहेगा मानसून, 12 से 14 तक फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि; भारी बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 8 से 11 सितंबर तक प्रदेश में मौसम की गतिविधियां काफी कम रहने की संभावना है। इस दौरान दोपहर और देर शाम के समय सिरमौर, शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछेक क्षेत्रों में ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम साफ भी रह सकता है।
उन्होंने बताया कि 12 सितंबर से मौसम की गतिविधियां दोबारा बढ़ने की संभावना है। 12 से 14 सितंबर के बीच सिरमौर, सोलन, शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर फिर से देखने को मिल सकता है। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
संदीप कुमार शर्मा के अनुसार आगामी दिनों में बारिश की तीव्रता भले ही कम रहेगी, लेकिन मानसून का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। सामान्य तौर पर हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई 24 सितंबर के आसपास होती है। इस वर्ष मानसून की वापसी कब शुरू होगी, यह परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल आगामी सात दिनों में मानसून की वापसी जैसी परिस्थितियां नजर नहीं आ रही हैं।
ऐसे में हिमाचल में आने वाले दिनों में भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर 12 से 14 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।
Comments
Post a Comment