सड़कों पर दौड़ रहे ट्रोले या बुलेट ट्रेन? तेज रफ्तार से बढ़ा हादसों का खतरा


पांवटा साहिब। पांवटा साहिब की सड़कों पर भारी-भरकम ट्रोले इन दिनों तेज रफ्तार में दौड़ते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर चल रहे छोटे वाहन, दोपहिया चालक, महिलाएं और स्कूली बच्चे इन भारी वाहनों की रफ्तार से सहमे हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ट्रोला चालक बिना किसी डर के तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं। व्यस्त बाजारों और चौक-चौराहों से गुजरते समय भी रफ्तार पर लगाम नहीं लगाई जाती। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पांवटा साहिब में पहले भी तेज रफ्तार और भारी वाहनों से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद ट्रोला चालकों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण होता नजर नहीं आ रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय जब सड़कों पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, उस दौरान तेज रफ्तार भारी वाहन बड़ी चिंता का कारण बन रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागेंगे? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि शहर और व्यस्त मार्गों पर तेज रफ्तार ट्रोलों की जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी मासूम की जान खतरे में न पड़े।

Comments