मान सरकार की गैंगस्टरों पर वार मुहिम को बड़ी कामयाबी, जग्गू भगवानपुरिया गैंग का आरोपी अमृत दालम पंजाब लाया गया
फर्जी पासपोर्ट पर अक्टूबर 2024 में भारत से हुआ था फरार, मोल्दोवा से पंजाब पुलिस ने लिया कस्टडी में
चंडीगढ़: पंजाब में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े आरोपी अमृत दालम उर्फ अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत वापस लाया गया है।पंजाब पुलिस की OFTEC टीम केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर अमृत दालम को मोल्दोवा से भारत लेकर आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अक्टूबर 2024 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हुआ था।
6 महीने चला ‘ऑपरेशन Eastern Reach’
अमृत दालम की गिरफ्तारी और भारत वापसी के लिए AGTF और OFTEC की टीमों ने करीब छह महीने तक ‘ऑपरेशन Eastern Reach’ चलाया। इस दौरान केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
पंजाब पुलिस की OFTEC टीम ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाया था।
मोल्दोवा बॉर्डर पर पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, अमृत दालम को मोल्दोवा के Otaci बॉर्डर क्रॉसिंग पर हिरासत में लिया गया था। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 11 सितंबर को पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम ने मोल्दोवा एयरपोर्ट पर उसे अपनी कस्टडी में लिया और भारत लेकर आई।
21 आपराधिक मामले दर्ज
पंजाब पुलिस के मुताबिक अमृत दालम पर हत्या, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट, UAPA और जबरन वसूली समेत कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा बताया गया है।
पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई को विदेश में छिपे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, विदेशों से अपराधियों को वापस लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर लगातार काम किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें