स्कूल में रैगिंग! जूनियर छात्रों से मारपीट और पैसे मंगवाने के आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सोलन। डगशाई स्थित एक पब्लिक स्कूल में रैगिंग, मारपीट और जूनियर छात्रों को परेशान किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्कूल के छात्रों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि जमा दो कक्षा के कुछ छात्र छोटे बच्चों को लगातार परेशान कर रहे थे। आरोप है कि जूनियर छात्रों के साथ मारपीट करने के अलावा उन्हें घर से पैसे मंगवाने के लिए भी दबाव बनाया जाता था।



अभिभावकों के मुताबिक, बच्चों को लंबे समय से परेशान किए जाने की शिकायत स्कूल प्रिंसिपल से की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी है।


वहीं, जब मीडिया ने पूरे मामले को लेकर स्कूल प्रिंसिपल से जवाब जानने का प्रयास किया तो वह मामले पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। हालांकि, उन्होंने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में भी शिकायत दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जांच के दौरान छात्रों और अभिभावकों के बयान लिए जा सकते हैं और आरोपों की वास्तविकता का पता लगाया जाएगा।


बताया जा रहा है कि संबंधित स्कूल एक बोर्डिंग स्कूल है, जहां हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में स्कूल परिसर और हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।


अभिभावकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूल प्रबंधन से बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई है।

टिप्पणियाँ