होटलों पर पुलिस की दबिश, आठ गिरफ्तार- अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई, कई होटल पुलिस की रडार पर; जल्द होगी कार्रवाई

शहर में होटलों की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेताजी सुभाष चंद्र पार्क के पास स्थित दो होटलों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में चार पुरुषों और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल संचालकों और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

एसएचओ सिटी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशन में शहर में अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को होटल सनसाइन और मार्डन होटल में संदिग्ध गतिविधियां होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दोनों होटलों पर दबिश दी। मौके से चार पुरुष और चार महिलाओं को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। एसएचओ ने बताया कि शहर के कुछ अन्य होटल भी पुलिस की रडार पर हैं। इन होटलों में भी इस तरह की गतिविधियां होने की शिकायत और सूचनाएं पुलिस को मिल रही हैं। पुलिस इन पर नजर रख रही है और जल्द ही जांच के बाद संबंधित होटलों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल की आड़ में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की बुधवार की कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में भी खलबली मची हुई है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ कर गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों और होटल संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments