कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर पिंगलवाड़ा में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जाएगा शौर्य और बलिदान का पर्व
वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य 9 सितंबर को शाम 3 बजे होंगे कार्यक्रम में शामिल
अमृतसर, 8 सितंबर 2026।कारगिल युद्ध के वीर योद्धा और परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती के अवसर पर वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 9 सितंबर 2026 को शाम 3 बजे पिंगलवाड़ा आश्रम, अमृतसर में दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा के लिए कैप्टन विक्रम बत्रा द्वारा दिए गए अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करना तथा उनकी वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस अवसर पर संगठन के सदस्य दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताकर कैप्टन बत्रा के देशप्रेम और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करेंगे।
वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के महामंत्री सुरेश राणा ने संगठन के सभी सदस्यों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा का जीवन देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायक मिसाल है। उनके बलिदान को याद करना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय है।
संगठन ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे 9 सितंबर को शाम 3 बजे पिंगलवाड़ा आश्रम पहुंचकर वीर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करें और इस आयोजन को यादगार बनाएं।

Comments
Post a Comment