जिला कांगड़ा में हुड़दंगी बाइकर्स पर पुलिस का शिकंजा, मैक्लोडगंज में 25 चालान,

बिना हेलमेट, मोडिफाई साइलेंसर और ट्रिपल रीडिंग कर उड़ा रहे यातायात नियमों की धज्जियां


कांगड़ा : श्रावण मास और नवरात्र के चलते कांगड़ा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है खासकर वीकेंड पर मैक्लोडगंज और धर्मशाला क्षेत्र में बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में बाइक सवार पहुंच रहे हैं ऐसे में यातायात नियमों की अनदेखी करने और हुड़दंग करने वाले बाइकर्स पर कांगड़ा पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि वीकेंड पर मैक्लोडगंज क्षेत्र में बाइकर्स की संख्या बढ़ने के मद्देनजर पुलिस ने विशेष निगरानी और नाकाबंदी की इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई अकेले मैक्लोडगंज क्षेत्र में 25 चालान किए गए हैं पुलिस के अनुसार बिना हेलमेट बाइक चलाना, वाहनों में अनावश्यक मॉडिफिकेशन करना और बाइक्स पर बड़े झंडे लगाकर चलना प्रमुख उल्लंघनों में शामिल हैं एसपी ने कहा कि सड़क पर इस तरह की गतिविधियां न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित करती हैं, बल्कि दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं।



कई स्थानों पर नाकाबंदी, बढ़ाई गई पेट्रोलिंग


यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस ने फोरा चौक, बाईपास रोड टर्मिनल और चैतड़ू सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर नाके लगाए हैं वीकेंड और छुट्टियों के दौरान अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है पुलिस की टीमें संवेदनशील मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग भी कर रही हैं।


खराब सड़कों और निर्माण कार्य से भी बढ़ रही जाम की समस्या



धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में वीकेंड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ी संख्या के साथ-साथ बरसात में सड़कों की खराब स्थिति और निर्माण कार्य भी जाम का बड़ा कारण हैं जोगीबाड़ा और खड़ डंडा रोड पर भूस्खलन के बाद डंगे लगाने का काम चल रहा है वहीं कांगड़ा में समेला टनल के पास भी डंगा गिरने के कारण निर्माण कार्य जारी है इन स्थानों पर सड़क की क्षमता प्रभावित होने से वाहनों की आवाजाही धीमी हो रही है

एसपी ने कहा कि लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण कई बार पर्यटक अधीर हो जाते हैं और स्थानीय लोगों के साथ बहस की स्थिति पैदा हो जाती है ऐसी परिस्थितियों को रोकने के लिए पुलिस अतिरिक्त बल तैनात कर रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।


पर्यटकों और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील


एसपी कुलभूषण वर्मा ने बाहरी राज्यों से कांगड़ा पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है उन्होंने कहा कि मंदिरों में दर्शन के दौरान व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखें तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में खुद उलझने के बजाय पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की मदद लें पुलिस का उद्देश्य जिले में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।


Comments