शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों से मानसून सक्रिय है और अगले 48 घंटे यानी दो दिनों तक निचले मैदानी क्षेत्रों तथा उनसे सटे मध्य पहाड़ी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर के साथ ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला के कुछ हिस्सों, कुल्लू और मंडी में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
20 अगस्त को कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, कुल्लू और मंडी में अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश तथा कुछ एक स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 21 अगस्त को मंडी, सिरमौर, ऊना और कांगड़ा में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इसके बाद प्रदेश में भारी या अत्यधिक भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
तापमान को लेकर शोभित कटियार ने बताया कि फिलहाल इसमें कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ है। निचले मैदानी इलाकों में दिन का तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है। वहीं मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच है और सामान्य के आसपास बना हुआ है।
अगले दो दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि 22 अगस्त के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
Comments
Post a Comment