CT स्कैन के दौरान अस्पताल के टेक्नीशियन पर गंभीर आरोप पुलिस ने दर्ज की FIR; आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं
पानीपत। सिविल अस्पताल पानीपत में 57 वर्षीय महिला मरीज के साथ CT स्कैन के दौरान कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने CT स्कैन ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे PGI रोहतक रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब पोस्टमार्टम और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के साथ आरोपी कर्मचारी को नौकरी से टर्मिनेट किए जाने की जानकारी दी है।
डॉक्टर की सलाह पर CT स्कैन कराने पहुंची थी महिला
परिजनों के अनुसार, महिला की तबीयत खराब होने पर उसे सिविल अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और CT स्कैन कराने की सलाह दी। परिजन महिला को CT स्कैन सेंटर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां ऑपरेटर ने परिजनों को बाहर भेज दिया और महिला को अंदर ले गया। CT स्कैन के बाद जब महिला को बाहर लाया गया तो उसकी हालत खराब थी।
बाहर आने के बाद परिजनों को बताई घटना
परिजनों का कहना है कि महिला काफी घबराई हुई थी और उसने उनके साथ कथित छेड़छाड़ किए जाने की बात बताई। महिला पहले से हार्ट और टीबी सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित थी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के बयान और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
सीएमओ बोले- CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी
सिविल अस्पताल के CMO डॉ. विजय मलिक ने बताया कि महिला गंभीर हालत में अस्पताल आई थी और डॉक्टर की सलाह पर उसे CT स्कैन के लिए भेजा गया था। CT स्कैन सेंटर PPP मोड पर संचालित है। उन्होंने बताया कि ऑपरेटर पर मिसबिहेव और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और FIR दर्ज हुई। संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया गया है तथा आरोपी कर्मचारी को टर्मिनेट कर दिया गया है। CT स्कैन सेंटर की CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।
SHO बोले- जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई
सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे PGI रोहतक रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। SHO के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में खुद को हार्ट और टीबी की मरीज बताया था। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता पालु राम ने बताया कि डॉक्टर की सलाह पर वे महिला को CT स्कैन कराने ले गए थे। उनका आरोप है कि CT स्कैन सेंटर में परिजनों को बाहर कर दिया गया और कुछ समय बाद महिला को बाहर लाया गया। इसके बाद महिला घबराई हुई थी और उसने अपने साथ कथित गलत छेड़छाड़ किए जाने की बात कही। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में सामने आएगा सच
मामले में महिला की मौत और CT स्कैन के दौरान लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Comments
Post a Comment