सहकारिता विभाग की भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

पंचकूला 17 अगस्त: हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत आज सहकारिता विभाग, हरियाणा द्वारा सैक्टर-2 पंचकूला स्थित सहकारिता मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।



प्रातः 11:00 बजे आयोजित इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में सहकारिता विभाग एवं प्रदेश की विभिन्न सहकारी संस्थाओं के 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति की भावना से सराबोर इस यात्रा ने सहकारिता परिवार की राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश की प्रमुख सहकारी संस्थाओं के चेयरमैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनमें हरको बैंक चेयरमैन श्री भारत भूषण जूयाल, एच.एस.सी.ए.आर.डी.बी चेयरमैन श्री सुभाष कलसाना, लेबरफैड चेयरमैन श्री देवेंद्र पंचाल तथा हाउसफैड चेयरमैन श्री सुभाष बंसल शामिल रहे।

इस अवसर पर रजिस्ट्रार सहकारी समितियां हरियाणा डॉ. शुभिता ढाका, शुगरफैड के प्रबंध निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह, हैफेड के सचिव श्री प्रदीप अहलावत, सहित प्रदेश की विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रबंध निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

*‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक’: डॉ. अरविंद कुमार शर्मा*
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें देश की एकता, अखंडता, त्याग, वीरता और करोड़ों देशवासियों की भावनाएं समाहित हैं। हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र के प्रति अपने गौरव और जिम्मेदारी को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता और राष्ट्रनिर्माण की भावना एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। जिस प्रकार तिरंगा देश की एकता का प्रतीक है, उसी प्रकार सहकारिता भी ‘एकता में शक्ति’ के सिद्धांत पर आधारित है। जब किसान, श्रमिक, महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट होकर सामूहिक रूप से आगे बढ़ते हैं, तो आर्थिक एवं सामाजिक विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।

उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती मिली है। सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा आमजन की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बनाया जा रहा है। हरियाणा में सहकारिता विभाग और सहकारी संस्थाएं किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। पैक्स के माध्यम से महिलाओं को नई जिम्मेदारियां और अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे सहकारिता के क्षेत्र में महिला शक्ति की भागीदारी और अधिक मजबूत हो रही है।

आज निकाली गई तिरंगा यात्रा केवल राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सहकारिता के माध्यम से एकजुट होकर प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे सहकारिता की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।

*महिला कर्मचारियों को तीज एवं रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं*
सहकारिता मंत्री ने तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तीज तथा रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि तीज और रक्षाबंधन जैसे पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, भाई-बहन के स्नेह तथा सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।

*‘सहकारिता जागरूकता अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंच रहा विभाग’: डॉ. शुभिता ढाका*
इस अवसर पर रजिस्ट्रार सहकारी समितियां हरियाणा डॉ. शुभिता ढाका, ने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा का तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने तथा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा प्रदेशभर में सहकारिता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाना तथा आम लोगों को सहकारी संस्थाओं के माध्यम से संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है।

डॉ. ढाका ने कहा कि विभाग द्वारा प्रदेश के हर कोने और गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को सहकारिता से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। लोगों को सहकारी संस्थाओं की भूमिका, उनके लाभ तथा सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी सहकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारिता आंदोलन का हिस्सा बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। विभाग का प्रयास है कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हरियाणा में सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाया जाए।

पूरे आयोजन में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से सहकारिता विभाग ने राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और सामूहिक विकास का संदेश देते हुए यह संकल्प दोहराया कि सहकारिता के माध्यम से हरियाणा को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा ।

Comments