कपूरथला : शिक्षक के तबादले और हाई वोल्टेज तारों के विरोध में स्कूली बच्चों ने लगाया धरना

कपूरथला। कपूरथला के नजदीकी सरकारी हाई स्कूल शेखुपुर में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब स्कूल के छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों की मुख्य मांग स्कूल के एक लोकप्रिय शिक्षक का तबादला तुरंत रद्द करने की थी


इसके साथ ही विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर के बीच बने बाथरूम से होकर गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारों को भी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि स्कूल परिसर में हाई वोल्टेज तारों की मौजूदगी से विद्यार्थियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है और प्रशासन को इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।

धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएसपी शीतल सिंह ने विद्यार्थियों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और मामले को उचित स्तर पर रखा जाएगा।

पुलिस प्रशासन की ओर से किए गए आश्वासन और समझाइश के बाद विद्यार्थियों ने धरना समाप्त कर स्कूल का मुख्य गेट खोल दिया, जिसके बाद स्कूल में कक्षाएं सुचारू रूप से शुरू हो गईं।

डीएसपी शीतल सिंह ने इस दौरान स्कूल प्रशासन, विद्यार्थियों और अभिभावकों का पक्ष विस्तार से सुना। बातचीत के बाद मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।

Comments