"दूध की रखवाली बिल्ली को सौंपना" एक प्रसिद्ध हिंदी लोकोक्ति या मुहावरा है। इसका अर्थ है कि किसी ऐसे व्यक्ति को सुरक्षा या जिम्मेदारी देना जो खुद उस चीज को नुकसान पहुँचाने या चुराने की नीयत रखता हो , लेकिन हुआ भी ऐसा ही है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने पशु चोरी के मामले का चौबीस घंटे के अंदर खुलासा करते हुए गांव पाली के चौकीदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पाली निवासी चौकीदार भीम और दुष्यंत उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
एएसपी फैजल खान ने बताया कि पालड़ी पनिहारा गांव से एक भैंस और कटड़ी चोरी होने की वारदात सामने आई थी। एसपी दीपक कुमार के दिशा-निर्देश में सीआईए प्रभारी उज्ज्वल की टीम और सदर महेंद्रगढ़ थाना प्रभारी रमेश की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और पशुओं के पैरों के निशान समेत अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गांव पाली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले भी पशु चोरी की दो वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और गिरोह में करीब पांच से छह लोग शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दुष्यंत उर्फ सोनू के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज हैं। एएसपी फैजल खान ने बताया कि सदर महेंद्रगढ़ थाने में पिछले साल पशु चोरी के दो मामले भी दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इन वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी और गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

Comments
Post a Comment