नादौन स्वास्थ्य परामर्श शिविर में पहुंची पुलिस, डॉ. जनकराज बोले—जनता की सेवा का मिल रहा फल

नादौन। अमोघ संकल्प संस्था की ओर से नादौन में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर उस समय चर्चा में आ गया, जब शिविर की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीएम की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों की ओर से शिविर की अनुमति को लेकर सवाल उठाए गए और आयोजकों को शिविर आयोजित न करने की बात कही गई। इसके बावजूद न्यूरो सर्जन डॉ. जनकराज ने वहां पहुंचे मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।


शिविर में विशेष रूप से दिमाग और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच और परामर्श किया गया। बड़ी संख्या में लोग अपनी मेडिकल रिपोर्ट लेकर शिविर में पहुंचे। डॉ. जनकराज ने मरीजों की रिपोर्ट देखने के साथ उनकी समस्याओं को समझा और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।

डॉ. जनकराज ने कहा कि नादौन क्षेत्र में दिमाग और रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एसडीएम की टीम मौके पर पहुंची और अनुमति का हवाला देते हुए शिविर आयोजित न करने की बात कही। डॉ. जनकराज के अनुसार, इससे पहले शिविर होटल में आयोजित करने की योजना थी, लेकिन वहां भी पुलिस और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के पहुंचने की बात उन्होंने कही। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजकों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।

डॉ. जनकराज ने कहा कि यदि सरकार और व्यवस्था आम लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा पा रही है तो समाजसेवी संस्थाओं और चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करने के लिए उन्हें किसी राजनीतिक मंच की आवश्यकता नहीं है।


शिविर के दौरान डॉ. जनकराज ने उन्हें मिले विजिलेंस नोटिस को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें विजिलेंस की ओर से नोटिस मिला है और उन्हें वीरवार को विजिलेंस मुख्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और जांच एजेंसी द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध करवाएंगे। उनका कहना था कि जांच से सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी मामले में कोई तथ्य है तो वह जांच के माध्यम से स्पष्ट होना चाहिए।

डॉ. जनकराज ने कहा कि वह नादौन की जनता के बीच स्वास्थ्य सेवा के उद्देश्य से पहुंचे हैं और उन्हें लोगों से मिल रहे समर्थन को वह अपनी सेवा का फल मानते हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का प्रयास जारी रहेगा।


Comments