कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को नियमित करने और उनके अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
पंचकूला/चंडीगढ़।हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस आज पंचकूला सेक्टर-6 स्थित हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) कार्यालय के बाहर कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में धरना दिया। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के हजारों युवाओं और कर्मचारियों ने सरकार की विभिन्न विभागीय सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभाई है, लेकिन उन्हें स्थायी रोजगार, समान वेतन और नौकरी की सुरक्षा के अधिकार से वंचित रखा जा रहा है। कांग्रेस कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार से मांग की कि कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए और उन्हें नियमित करने की ठोस नीति बनाई जाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने मेहनत और योग्यता के बल पर रोजगार हासिल किया है, लेकिन भाजपा सरकार ने रोजगार की स्थायी व्यवस्था करने के बजाय युवाओं को अस्थायी रोजगार के चक्र में फंसा दिया है। HKRN के कर्मचारियों को लंबे समय से काम लेने के बावजूद उन्हें स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के साथ खड़ी है और जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं होता, पार्टी उनकी आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा और हर लोकतांत्रिक मंच तक उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की जिम्मेदारी है, उनका शोषण करना नहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को स्थायी रोजगार और सम्मानजनक भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। कर्मचारियों से वर्षों तक सेवा लेने के बाद उन्हें अस्थायी बनाए रखना उनके साथ अन्याय है। कांग्रेस की सरकार के दौरान रोजगार और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार को कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं धरना कार्यक्रम के संयोजक अशोक अरोड़ा ने कहा कि HKRN कर्मचारियों की समस्याएं केवल कर्मचारियों की नहीं बल्कि प्रदेश के लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ा विषय हैं। सरकार को कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का धरना कर्मचारियों की आवाज को बुलंद करने और सरकार को उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई के लिए मजबूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी के स्थायी सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और मेहनत के बाद रोजगार हासिल किया है, लेकिन भाजपा सरकार रोजगार के नाम पर अस्थायी व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। HKRN के माध्यम से काम कर रहे कर्मचारियों को स्थायी भविष्य और सम्मानजनक सेवा शर्तें मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह तथा चौधरी उदय भान, लोकसभा सांसद श्री वरुण मुलाना, राज्यसभा सांसद श्री कर्मवीर बौद्ध, विधायक श्री बी. बी. बत्रा, श्रमिति गीता भूक्कल, चौधरी आफताब अहमद तथा श्री आदित्य सुरजेवाला ने भी संबोधित किया।

Comments
Post a Comment