बैजनाथ: बैजनाथ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बीच रात के समय बिनवा पुल पर बड़ा हादसा हो गया। ईंटों से भरा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे में पुल की सुरक्षा रेलिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति मामूली चोट के साथ बैजनाथ अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसने उपचार नहीं करवाया। हादसे में चालक के बाल-बाल बचने की बात सामने आई है।
वहीं, घटनास्थल से कैंटर में रखी हनुमान जी की तस्वीर भी सुरक्षित मिली। तस्वीर के सुरक्षित मिलने को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा रही और कई लोगों ने इसे आस्था से जोड़कर देखा।
थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुल की क्षतिग्रस्त सुरक्षा रेलिंग को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से इसे जल्द दुरुस्त करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
Comments
Post a Comment