मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर शनिवार देर रात अलसू चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रकों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 26 वर्षीय आकाश पुत्र लोकराम, निवासी हरियाणा, की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी विवेक शर्मा, निवासी हमीरपुर, के अनुसार वह देर रात भुंतर से नालागढ़ की ओर जा रहे थे। अलसू चौक के पास हरियाणा नंबर की सफेद कार HR 51 CX 8809 तेज रफ्तार में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर आगे निकली। कुछ ही दूरी पर कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराई और फिर आगे खड़े दूसरे ट्रक में जा घुसी। इसके बाद कार का पिछला हिस्सा घूमकर विवेक की गाड़ी से भी टकरा गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल विवेक, सचिन, परवीन और पीयूष, सभी निवासी हरियाणा, को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Comments
Post a Comment